लक्ष्मण प्रसाद आचार्य बने सिक्किम के नए राज्यपाल
![]() |
लक्ष्मण प्रसाद आचार्य |
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित रामनगर निवासी लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया है। रविवार को राष्ट्रपति भवन से जारी एक नियुक्ति पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। सिक्किम के नए राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य वर्तमान समय में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और वाराणसी क्षेत्र से विधानसभा परिषद के सदस्य थे। संगठन में उनकी गहरी पैठ है। संघ पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले लक्ष्मण प्रसाद आचार्य मत्स्य विभाग के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी के खास करीबियों में उनकी गिनती होती है। पीएम मोदी के हर वाराणसी दौरे में लक्ष्मण प्रसाद साथ नजर आते थे। 1977 तक आरएसएस द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ाने वाले लक्ष्मण प्रसाद की राम आंदोलन में भी भागीदारी रही है। पूर्वाचंल में गैर ओबीसी में भाजपा की पैठ बनाने का श्रेय भी इन्हें ही जाता है। लक्ष्मण प्रसाद मूल रूप से आदिवासी बहुल सोनभद्र के निवासी हैं। गौरतलब है कि बीते सात फरवरी को ही सिक्किम के राज्यपाल के तौर पर गंगा प्रसाद शर्मा का कार्यकाल समाप्त हुआ था।